खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : यहाँ जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित जिला आबकारी कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आबकारी विभाग के दो कर्मचारी कार्यालय परिसर में शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कामकाज के तरीके लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
प्रशासनिक अनुशासन को लेकर खड़े हुए गंभीर सवाल
जानकारी के मुताबिक़, वायरल वीडियो में दो कर्मचारी कार्यालय परिसर के भीतर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। गौरतलब है कि जिस परिसर में कलेक्टर समेत जिले के आला अधिकारी नियमित रूप से बैठते हैं, उसी परिसर में इस तरह की गतिविधि का वीडियो सामने आने से लोगों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
अपर कलेक्टर ने कही जाँच और कार्यवाही की बात
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने वीडियो की जांच शुरू करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस बारें में अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक दंडात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।























