सरगुजा :- अंबिकापुर शहर के रिहायशी इलाके में आग से हाहाकार मच गया है. यह आग पटाखा दुकान के स्टोरेज में लगी है और यह बढ़ती जा रही है. स्थिति यह है कि घंटो तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है. दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी है लेकिन सफलता हासिल नहीं हो सकी है. दमकल कर्मी आग बुझा रहे हैं लेकिन पटाखों की वजह से आग और विस्फोट बढ़ती जा रही है. एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने आस आस के घरों को खाली करा दिया है.
चार घंटे से लगी है आग
आग दोपहर 12.30 बजे लगी. उसके बाद से लगातार आग बढ़ती जा रही है. दोपहर तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है. तीन घंटे तक दमकल की कई गाड़ियां, पुलिस का वाटर केनन, नगर निगम के कई वाटर सप्लाई के टैंकर खाली कर दिए गये, लेकिन आग बढ़ती ही जा रही है. स्थिति बिगड़ते देख मंत्री राजेश अग्रवाल और कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत भी मौके पर पहुंचे हैं.
बड़े हादसे का अंदेशा बढ़ा
आग पर तो नियंत्रण हो जाएगा, लेकिन डर इस बात का है की भीषण आग से अब घर भी क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में हैं. 6 फीट की सकरी गली में 3-3 मंजिला मकान बने हुए हैं. प्रशासन ने इलाके को खाली तो करा दिया है. लेकिन आगर बिल्डिंग गिर गई तो एक और बड़ा हादसा हो सकता है.आग की यह घटना बड़ी लापरवाही का नतीजा है. प्रशासन ने रिहायशी इलाकों में पटाखों के भंडारण को रोकने का काम नहीं किया. यही वजह है कि इस तरह यह हादसा हुआ है.





















