रायपुर : छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर में पकड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठियों और कथित आईएसआई नेटवर्क की जांच को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निगरानी वह स्वयं कर रहे हैं और जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। विजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि कुछ बांग्लादेशी घुसपैठियों ने फर्जी तरीके से भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए थे और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भारत और बांग्लादेश के बीच लगातार आवाजाही कर रहे थे। इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। सभी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर गिरफ्तार किया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद देश से बाहर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान को और अधिक सख्ती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल आरोपियों की संख्या बताना उचित नहीं होगा। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचेगी और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।























