गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मरवाही में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और शासकीय आईटीआई मरवाही के संयुक्त तत्वावधान में आईटीआई परिसर में आयोजित मेले में जिले के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोजगार मेले में 7 निजी संस्थानों ने विभिन्न पदों के लिए कुल 478 रिक्तियां उपलब्ध कराई थीं। इन पदों के लिए ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से 778 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 195 युवाओं ने मौके पर साक्षात्कार दिया।
88 युवाओं का प्राथमिक चयन
साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के दौरान निजी संस्थानों द्वारा 88 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 47 युवाओं का अंतिम चयन हुआ। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। अन्य नियोजकों द्वारा अभ्यर्थियों के अंतिम चयन की प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक संचालक कौशल विकास प्राधिकरण आकांक्षा पाण्डेय ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए अपने कार्यक्षेत्र में लगातार सीखने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
एक मंच पर मिले युवा और निजी संस्थान
रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न निजी संस्थानों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी और सीधे साक्षात्कार का अवसर मिला। वहीं निजी कंपनियों को भी स्थानीय स्तर पर योग्य और प्रशिक्षित युवाओं से सीधे संपर्क करने का मौका मिला।
कौशल प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत कैरियर ज़ोन एजुकेशनल सोसायटी द्वारा प्रशिक्षित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट के हितग्राहियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। जिला प्रशासन के अनुसार, रोजगार मेला युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से जिले में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को लेकर युवाओं की रुचि भी सामने आई। चयनित अभ्यर्थियों की उनकी योग्यता के अनरुप वेतन दिया जायेगा।











































