Dhamtari

CG Crime : आत्महत्या का ड्रामा रचकर बेटे और मां ने छिपाया कत्ल, 48 घंटे में पुलिस ने खोला राज

धमतरी : जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस की जांच में हत्या में बदल गया। चौकी बिरेझर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले युवक की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को फांसी पर लटकाकर इसे आत्महत्या साबित करने की साजिश रची थी।

मामला ग्राम गोजी का है, जहां 29 जून 2026 को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती तौर पर घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही थी, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच शुरू की गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विश्लेषण में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि युवक की मौत हाथों और रस्सी से गला कसने के कारण हुई थी तथा यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला था।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक मृतक के परिवार पर गया। लगातार पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के भाई नरेश साहू (22 वर्ष) और मां कमला बाई साहू (60 वर्ष) से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि नरसिंग शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर घर में विवाद और मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में आकर मां और बेटे ने पहले उसका गला हाथ से दबाया, फिर नारियल की रस्सी से कसकर उसकी हत्या कर दी।

इतना ही नहीं, जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों ने शव को फंदे पर लटका दिया और पूरे घटनाक्रम को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की वैज्ञानिक जांच ने उनकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने और साझा आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

What's your reaction?

Related Posts

CG : पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की बदली पदस्थापना

धमतरी :- जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के…

CG News : स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की पत्नी ले रही गलत तरीके से योजना का लाभ, पति ने खुद की अपने पत्नी की शिकायत

धमतरी : जिले में महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जहां सरकारी…

CG : तहसीलदार के चेंबर में महिला ने खाया जहर, मचा हड़कंप, जानिये क्या है पूरा मामला, जिसके बाद महिला ने..

धमतरी : जिले के तहसील कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला…

1 of 10