Kawardha

CG Crime : जिला पंचायत सदस्य से मारपीट, पांच गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस

कवर्धा : कबीरधाम जिले में जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी और उनके वाहन चालक के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रेंगाखार थाना पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और शहर में जुलूस निकालकर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कड़ा संदेश दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना सरोधा डेम के पास हुई, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर नशे की हालत में जिला पंचायत सदस्य के साथ अभद्रता और मारपीट की थी।

ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी सोमवार को अपने क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए निकले थे। इसी दौरान वाहन ओवरटेक करने की बात को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने आगे जाकर उनकी गाड़ी को रोक लिया और जिला पंचायत सदस्य तथा उनके ड्राइवर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पांच आरोपियों पर मामला दर्ज

घटना की शिकायत मिलने के बाद रेंगाखार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस ने उनका जुलूस निकाला।

सिग्नल चौक से कोर्ट तक निकाला जुलूस

पुलिस ने आरोपियों को सिग्नल चौक से न्यायालय तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाना और कानून का भय स्थापित करना बताया गया।जुलूस के दौरान पुलिस बल की कड़ी मौजूदगी रही और आम लोगों ने भी इस कार्रवाई को देखा।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों या किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, धमकी और कानून व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे और आम लोगों का सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हो।

जिले में अपराधियों को सख्त चेतावनी

कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में जिले में हुई कुछ आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस का यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

What's your reaction?

Related Posts

CG : पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों का तीसरे दिन भी धरना जारी, नगाड़ा बजाकर 1600 पदों पर वेटिंग लिस्ट से नियुक्ति की मांग

कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों का धरना प्रदर्शन…

CG: कांग्रेस नेता रेप मामले में गिरफ्तार: शादी से पहले गर्लफ्रेंड ने भेजवा दिया जेल, 10 साल तक दोस्ती कर करता रहा रेप

कवर्धा :- एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि…

1 of 7