बालोद : जिले की पुलिस को मंगलवार देर रात बड़ी सफलता मिली है। बालोद-धमतरी सीमा पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार (MH 04 MA 8035) को पकड़ा, जिसमें नोटों के बंडल भरे हुए थे। प्रारंभिक जांच में कार से करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने बताया कि यह कार महाराष्ट्र पासिंग की है और इसमें सीट के नीचे गुप्त लॉकर बनाकर नकदी छिपाई गई थी। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
बालोद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार रायपुर से महाराष्ट्र की ओर बड़ी मात्रा में नकदी लेकर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक संयुक्त टीम गठित कर जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी।कुसुमकसा थाना क्षेत्र के पास पुलिस ने जब कार को रोका, तो चालक ने पहले बचने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के बाद कार को रोक लिया गया। जांच में पुलिस को कार की सीट के नीचे बने एक विशेष खांचे में नोटों के बंडल मिले।
नकदी की गिनती जारी, बैंक टीम मौके पर पहुंची
पुलिस ने बताया कि कार से जब्त की गई नकदी की अभी सटीक गणना की जा रही है। इसके लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। बैंक अधिकारी और पुलिस संयुक्त रूप से नोटों की गिनती कर रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जब तक पूरी गिनती नहीं हो जाती, रकम की सही मात्रा नहीं बताई जा सकती, लेकिन अनुमान है कि यह रकम 3 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
हवाला लिंक की आशंका
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग और खुफिया एजेंसियों को भी सूचना दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान कार सवार दोनों व्यक्ति रकम के स्रोत और गंतव्य के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। फिलहाल उनके मोबाइल फोन और दस्तावेजों को जब्त कर जांच की जा रही है।
कार में बनाया गया था सीक्रेट लॉकर
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कार में नकदी छिपाने के लिए सीट के नीचे विशेष लॉकर तैयार किया गया था। नोटों के बंडल बड़ी सफाई से इस लॉकर में रखे गए थे ताकि सामान्य जांच में यह दिखाई न दें। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह कार किसी हवाला रैकेट से जुड़ी है या किसी राजनीतिक या व्यावसायिक लेनदेन से संबंधित है।
जांच जारी, उच्चाधिकारियों को दी गई रिपोर्ट
बालोद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही बरामद रकम और आरोपियों के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल दोनों संदिग्धों को हिरासत में रखकर लगातार पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की पृष्ठभूमि और नेटवर्क का पता लगाने के लिए टीम महाराष्ट्र और रायपुर दोनों जगहों पर छानबीन कर रही है।






















