बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र की है। मकान मालिक परिवार के साथ एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थी।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गुंडरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



























