रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भाजपा को स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका लगा है। पुसौर नगर पंचायत के 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है। पार्षदों ने अपना त्यागपत्र जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपते हुए इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
नगर पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज पार्षद
इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने नगर पंचायत के प्रशासनिक कामकाज, शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। पार्षदों का कहना है कि नगर पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है और लगातार समस्याओं के बावजूद अपेक्षित काम नहीं हो रहे हैं।
वार्डों में पानी, बिजली और सड़क जैसी समस्याएं
भाजपा पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसे जरूरी काम तक पर्याप्त रूप से नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा पार्षद निधि से प्रस्तावित कार्यों को भी पूरा नहीं किए जाने की बात कही गई है। पार्षदों का आरोप है कि वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का कदम उठाया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष को सौंपा आवेदन
सभी 8 पार्षदों ने जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को आवेदन सौंपकर अपनी प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे से पुसौर नगर पंचायत की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल इस्तीफे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और पार्षदों के इस कदम के बाद नगर पंचायत की राजनीति किस दिशा में जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।











































