अजब - गजब

Ajab Prem ke Gajab Kahani : प्यार ने तोड़े रिश्तों के बंधन! समधी पर आया समधन का दिल, बेटे की सगाई से पहले मां हुई फरार

उज्जैन : बड़नगर, मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील में एक ऐसा प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 45 वर्षीय एक महिला ने अपने बेटे की होने वाली सगाई की धज्जियां उड़ा दीं और 50 वर्षीय होने वाले समधी के साथ घर से फरार हो गई। आठ दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने दोनों को बरामद किया, लेकिन महिला ने साफ कह दिया- “मैं अब अपने पति और बच्चों के साथ नहीं रहूंगी।” पुलिस ने इसे निजी मामला मानते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है।

बड़नगर थाना क्षेत्र के ऊंटवासा गांव की रहने वाली यह महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसके बेटे की शादी चिकली गांव के एक 50 वर्षीय किसान की बेटी से तय हो चुकी थी। 14 अक्टूबर को सगाई की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्ता पक्का होने के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत बढ़ी, लेकिन इसी दौरान महिला और समधी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। सगाई से ठीक आठ दिन पहले, महिला ने बच्चे के इलाज के बहाने बड़नगर आने का हवाला देकर घर छोड़ दिया और सीधे समधी के घर पहुंच गई।

परिजनों को जब महिला के लापता होने का पता चला, तो उन्होंने बड़नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तफ्तीश शुरू की। आठ दिनों की मेहनत के बाद दोनों को समधी के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि वह स्वेच्छा से समधी के साथ रहना चाहती है। उसने कहा, “मेरी शादी जबरन हुई थी, अब मैं अपनी मर्जी से जीना चाहती हूं।” समधी ने भी यही बात दोहराई।

परिवार और समाज में हड़कंप

महिला के पति और बेटे इस घटना से स्तब्ध हैं। बेटे ने बताया, “सगाई की तैयारियां चल रही थीं, मां ने कभी संकेत नहीं दिया। अब पूरा रिश्ता टूट गया है।” चिकली गांव के किसान परिवार ने भी सगाई रद्द कर दी है। इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है, जहां लोग इसे “समधी-समधन का अनोखा इश्क” कह रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह खबर वायरल हो रही है, जहां लोग प्यार की ताकत और रिश्तों की नाजुकता पर बहस कर रहे हैं।

बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया, “यह आपसी सहमति का मामला है। दोनों वयस्क हैं, इसलिए कोई अपराध नहीं बनता। हमने परिवार को समझाया, लेकिन महिला अड़ी हुई है।” पुलिस ने दोनों को उनके फैसले पर छोड़ दिया है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्यार की राहें अनजानी होती हैं। क्या यह प्रेम अमर रहेगा या परिवार के दबाव में टूट जाएगा? समय ही बताएगा।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 5