कासगंज : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक खंड के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर कासगंज में प्रशासन सतर्क हो गया है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में शराब की दुकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने मतदान के दिन सभी मदिरा दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद और जिला आबकारी अधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले की देशी शराब, कम्पोजिट शॉप सहित विभिन्न फुटकर आबकारी दुकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और बोतलों पर लगे क्यूआर कोड की जांच की। साथ ही दुकानों के संचालन और आबकारी नियमों के पालन की स्थिति भी देखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी शराब दुकान संचालकों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 23 अक्टूबर को मतदान के दिन दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएं। जारी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
स्कूलों और कॉलेजों को भी बंद करने का ऐलान
शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के मतदान को देखते हुए कासगंज जिले में 23 अक्टूबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। जिला प्रशासन के निर्देश पर जारी इस आदेश के दायरे में नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के परिषदीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्ड से संचालित स्कूलों पर भी यह आदेश लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।



























