कोरबा : रजगामार क्षेत्र में चार दिनों से लापता सात वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिलने के बाद से इलाके में फैली सनसनी के बीच बालको पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य संदेही अमित चौहान को घटनास्थल से करीब 60 किलोमीटर दूर बांगो के घने जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।
लापता होने के चार दिन बाद मिला था शव
उल्लेखनीय है कि सात साल की मासूम पिछले चार दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन चौथे दिन बच्ची का शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश फैल गया। शव मिलने के साथ ही मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे और मामला पेचीदा नजर आ रहा था।
पहले दिन से रडार पर था आरोपी, शव मिलते ही हुआ फरार
जांच टीम को घटना के पहले दिन से ही अमित चौहान पर गहरा संदेह था। पुलिस उस पर नजर बनाए हुए थी, लेकिन जैसे ही बच्ची का शव बरामद हुआ आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद बालको पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। आखिरकार पुलिस ने 60 किलोमीटर दूर बांगो वन क्षेत्र में दबिश देकर उसे चारों तरफ से घेर लिया और हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, दोपहर में आधिकारिक खुलासा
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी अमित चौहान ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने मासूम को किस इरादे से निशाना बनाया और घटनाक्रम के पीछे की असली वजह क्या थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का आधिकारिक और विस्तृत खुलासा करेगी।



























