पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 202 सीटों पर कब्जा किया है। वहीं, प्रचंड जीत के बाद एनडीए ने नए सरकार के गठन की कवायद शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एनडीए ने अपने सभी विधायकों को सोमवार को पटना तलब किया है। कहा जा रहा है कि सोमवार को आखिरी कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दावा किया जा रहा है कि आरजेडी नेता और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भाजपा में शामिल हो गए हैं।
खेसारी लाल भाजपा में शामिल
दरअसल सोशल मीडिया पर pawan_singh_o999 नाम की आईडी से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें कैप्सन दिया गया है ”चुनाव हारने के बाद खेसारी bjp में शामिल” वहीं वीडियो में खेसारी लाल यादव ‘नून रोटी खाएंगे मोदी को जिताएंगे” गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान खेसारी लाल यादव भाजपा नेताओं से घिरे हुए नजर आ रहे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दो दिन पहले पोस्ट किया भावुक वीडियो
वहीं, जब हमने वायरल वीडियो की पड़ताल की तो ये बात सामने आई कि ये वीडियो काफी पुराना है, जिसे बिहार विधानसभा चुनाव के बाद फिर से वायरल किया जा रहा है। पड़ताल के दौरान हमने खेसारी लाल यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट को चेक किया तो पाया कि उन्होंने दो दिन पहले एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें बिहार की जनता को धन्यवाद दिया था। वहीं, जिस आईडी से इस वीडियो को शेयर किया गया वो पवन सिंह के फैन की आईडी है ना कि ओरिजनल आईडी।
छपरा सीट से खेसारी लाल यादव ने लड़ा था चुनाव
बता दें कि खेसारी लाल यादव आरजेडी की ओर से छपरा से चुनावी मैदान में उतरे थे। चुनाव प्रचार के दौरान खेसारी लाल ने जनता के लिए कई बड़े वादे किए, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। इस चुनाव में खेसारी लाल यादव को भाजपा उम्मीदवार पिंकी कुमारी ने मात दी है। चुनाव में खेसारी लाल को महज 79245 वोट मिले, जबकि भाजपा की पिंकी कुमारी को 86845 वोट मिले।






















