Rajnandgaon

CG Crime : घर-घर घुसकर गैस सिलेंडर चोरी करता था ये गैंग, पुलिस ने सिलेंडर गैंग का किया पर्दाफाश

राजनांदगांव : सोमनी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया था। लेकिन सोमनी पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के आधार पर गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से नौ गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल और नकदी जब्त की है।

चोरी की शिकायत के बाद हुई त्वरित कार्रवाई

9 नवंबर 2025 को एक प्रार्थी ने थाना सोमनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर लगभग 2:15 से 2:20 बजे के बीच घर की रसोई में रखा गैस सिलेंडर अज्ञात चोर चुरा कर ले गया। प्रार्थी द्वारा आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि सोमनी और उसके आसपास के कई गांवों से कम से कम 8 गैस सिलेंडर चोरी हुए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹20,000 है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध दर्ज किया और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण नामदेव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

मुख्य आरोपी सलमान खान सहित तीन गिरफ्तार

पुलिस ने सबसे पहले संदेही सलमान खान (38 वर्ष) निवासी कन्हैया पूरी चौक कसारीडीह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि चोरी में प्रयुक्त एच.पी. साइन मोटरसाइकिल को उसने खैरागढ़–जालबांधा रोड से चोरी किया था। इसी मोटरसाइकिल का उपयोग वह और उसके साथी नंदू यादव (38 वर्ष) और दुर्गेश सागरवंशी (32 वर्ष) सोमनी क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी करने के लिए करते थे। आरोपियों ने मिलकर कुल 08 सिलेंडर सोमनी क्षेत्र से और एक सिलेंडर जालबांधा से चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने बरामद किए 09 सिलेंडर, मोटरसाइकिल और नकदी

जांच के दौरान पुलिस ने
• सलमान खान से — 03 गैस सिलेंडर और ₹400 नकद
• नंदू यादव से — 01 सिलेंडर
• दिनेश देवांगन (31 वर्ष) से — 05 सिलेंडर
• दुर्गेश सागरवंशी से — चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG 07 FB 7580 और ₹300 नकद

इस प्रकार कुल 09 गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल और ₹700 नकद बरामद किए।

आरोपी भेजे गए जेल

सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचाने वाले इस चोरी गिरोह का पर्दाफाश हो गया।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 4