मुंगेली : शहर के हृदयस्थल दाऊपारा में देर रात एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दुबे मोबाइल दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में दुकान में रखे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज और अन्य सामान आ गया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। दुकान में रखे मोबाइल फोन, चार्जर, इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज समेत अन्य कीमती सामान आग की चपेट में आ गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच पुलिस और प्रशासन की टीम कर रही है।
दमकल की देरी पर व्यापारियों में आक्रोश
घटना के बाद दमकल वाहन के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारियों का कहना है कि मुंगेली शहर में पिछले एक साल के भीतर यह तीसरा बड़ा अग्निकांड है, जिससे व्यापारियों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शहर की दमकल व्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों की मांग है कि दमकल वाहनों को सिटी कोतवाली परिसर या शहर के मध्य क्षेत्र में तैनात किया जाए, ताकि संकरे बाजारों और व्यस्त इलाकों में आग लगने की स्थिति में फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंच सके।
संकरे बाजारों में बड़ी चुनौती
दाऊपारा जैसे घनी और संकरी बाजार क्षेत्र में दमकल वाहनों को पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि यदि दमकल की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जाए तो आग से होने वाले बड़े नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।
SDM और CMO ने पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और सीएमओ भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पीड़ित व्यवसायी को हरसंभव प्रशासनिक मदद का आश्वासन दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। लगातार हो रहे अग्निकांडों ने मुंगेली के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है और वे शहर में दमकल व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।











































