लोरमी : नगर के रियासी इलाके में चोरी की एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी समेत सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी उड़ा लिए। यह वारदात लोरमी गुरुद्वारा के पास स्थित जायसवाल परिवार के घर में हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जायसवाल परिवार बेटी की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर गया हुआ था।
घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात घर में दबिश दी। चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुसकर कमरे और अलमारी को खंगाल डाला। परिजनों के अनुसार, अलमारी में रखे करीब 85 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोर सिर्फ नकदी ही नहीं, बल्कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसका डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को तकनीकी जानकारी थी और वे पहचान से बचने के लिए पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे।
देर रात जब परिवार सगाई समारोह से लौटकर घर पहुंचा, तो उन्होंने देखा कि घर के कमरे का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी खोलने पर नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर सेल की मदद ली है। पुलिस टीम आसपास के सभी घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है,
ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद इलाके में देर रात पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है। लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है और वे जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





















