दुर्ग : दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार की इनोवा हाईक्रॉस वाहन में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। दिन में करीब 11.40 बजे महापौर चार अन्य लोगों के साथ घर से निगम कार्यालय पहुँची थीं। उनके कार से उतरकर कार्यालय में जाने के लगभग 20 मिनट बाद वाहन के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा, जिससे देखते ही देखते भयानक आग का रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
आगजनी की इस घटना के बाद मची अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसने मौके पर पहुँचकर 15 से 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। समय रहते सभी के कार से उतर जाने की वजह से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
एक दिन पहले ही कराई गई थी मरम्मत
महापौर ने बताया कि यह नई गाड़ी लगभग तीन महीने पहले ही निगम द्वारा किराए पर लगाई गई थी और घटना से एक दिन पूर्व ही तकनीकी दिक्कतों के कारण मरम्मत कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित वाहन निर्माता कंपनी को सूचित कर दिया गया है, साथ ही फॉरेंसिक (FSL) की टीम भी मौके पर पहुँचकर आग लगने के वास्तविक कारणों की जाँच में जुट गई है।










































