रायपुर : देश के कई हिस्सों में इस समय जमकर बारिश हो रही है। सावन के इस महीने में कई हिस्सों में भारी बारिश की वजह से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गई है। वहीं कई इलाकों में भूस्खलन और जानमाल की खबरें सामने आ रही है। वहीं बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां भी मौसम मेहरबान बना हुआ है। यहां कल से ही मौसम सुहाना बना हुआ है और आज सुबह से ही राजधानी समेत कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।
तीन दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना चताई है। विभाग ने कई हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। आज से एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है और आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
जानें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में कितनी हुई बारिश
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 01 जून से 16 अगस्त तक 708.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सर्वाधिक वर्षा 841.8 मिमी मनेन्द्रगढ़ तहसील में तथा न्यूनतम 551.0 मिमी केल्हारी तहसील में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील चिरमिरी में 804.2 मिमी, तहसील मनेन्द्रगढ़ में 841.8 मिमी, तहसील खड़गवां में 579.5 मिमी, तहसील भरतपुर में 725.5 मिमी तथा तहसील कोटाडोल में 748.5 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।











































