कोरबा : औद्योगिक नगरी कोरबा जिले में कबाड़ के अवैध ठिकानों पर आज निगम का बुलडोजर चला। पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण कर अवैध रूप से संचालित कबाड़ गोदामों को निगम की टीम ने जमींदोज कर दिया। आपको बता दे इससे पहले पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस ने कबाड़ के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती से एक्शन लिया था। पुलिस के इस एक्शन के बाद नगर निगम के एक्शन ने कबाड़ माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में एक वक्त तक कबाड़ माफिया कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे थे। आलय ये था कि रातों-रात शहर के बीच से लोहे के पुल को काटकर चोरी कर ली गयी थी। इस घटना ने प्रदेशभर में कोरबा जिले की कानून व्यवस्था की भद पिटवा दी थी। लिहाजा कबाड़ माफियाओं के बुलंद हौसले को पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के एक्शन प्लान ने कुछ ही दिनों में ठंडा कर दिया। एसपी के सख्त निर्देश के बाद जिले के अधिकांश कबाड़ गोदामों को सील करने के साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े बड़े डेढ़ दर्जन से अधिक कबाड़ियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा गया।
पुलिस के इस सख्त एक्शन के बाद से कबाड़ का कारोबार पूरी तरह से बंद पड़ा है। कबाड़ माफियाओं को उम्मींद थी कि समय बीतने के साथ एक बार फिर निचले स्तर पर सेटिंग जमाकर इस अवैध कारोबार को शुरू कर लेंगे। लेकिन उससे पहले ही नगर निगम ने अवैध कबाड़ के ठिकानों को जमींदोज करने की प्लानिंग बना ली थी। कबाड़ माफिया दोबारा जिले में सर उठा पाते उससे पहले ही नगर निगम ने इस अवैध कारोबार को कुलचना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में कबाड़ कारोबार के सरगना समेत शहरी क्षेत्र के बड़े कबाड़ गोदामों पर बुलडोजर चलाया गया है। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल निगम की टीम के साथ मौजूद थी।
नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्रों में कार्रवाई से पहले संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के बाद आज बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई की गयी। गौरतलब है कि पुलिस कप्तान के एक्शन के बाद नगर निगम के इस बुलडोजर एक्शन ने कबाड़ माफियाओं की नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद अब जल्द ही निगम की टीम कबाड़ कारोबार के एक सरगना के अवैध निर्माण में बने मकान पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी में है।






















