पाकिस्तान : पकिस्तान में एक ही महीने में पांच बड़े विमान हादसे में अबतक कई सैन्यकर्मियों की मौत हो चुकी है, इसी बीच अमेरिका से भीषण विमान हादसे की खबर सामने आ रही है। अमेरिकी वायु सेना का B-52 बॉम्बर विमान दक्षिणी कैलिफोर्निया के एयर बेस से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में 8 जवानों की मौत हो गई। वहीं घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है। घटनास्थल से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है।
हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी: कर्नल जेम्स हेस
कर्नल जेम्स हेस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज बेस पर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है और हमने 8 अमेरिकियों को खो दिया है। कर्नल ने बताया कि विमान में सैन्य कर्मियों के साथ सरकारी कर्मचारी और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले लोग भी सवार थे। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। जिसके बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
रनवे पर ही हुआ हादसा
एयर फोर्स के अनुसार विमान का हादसा बेस के रनवे क्षेत्र में ही हुआ। कर्नल हेस ने बताया कि B-52 बॉम्बर उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान नियंत्रण खो बैठा और उसमें आग लग गई। दुर्घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को नहीं बचाया जा सका।
पकिस्तान में एक ही महीने में पांचवां विमान क्रैश
पाकिस्तान से दर्दनाक घटना सामने आई है, पख्तूनख्वा के मरदान जिले में रविवार को पाकिस्तानी एयरफोर्स ट्रेनर विमान क्रैश हो गया। जिसमें विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। आपको बता दें कि पिछले एक महीने के भीतर यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। सबसे बड़ा झटका 10 जून को लगा था, जब पाकिस्तान आर्मी एविएशन का Mi-17 हेलिकॉप्टर POK में टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में 22 सैन्यकर्मियों की मौत हुई थी। उससे पहले 20 मई को मियांवाली के पास पाकिस्तान एयर फोर्स का FT-7PG ट्रेनर विमान क्रैश हुआ था। एक दिन पहले 19 मई को कामरा के पास JF-17 थंडर लड़ाकू विमान भी ट्रेनिंग मिशन के दौरान हादसे का शिकार हुआ था।























