इस्लामाबाद : पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक बड़े अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति वार्ड में भीषण आग लगने से करीब 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई है। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया।
16 नवजात में एक को बचाया गया, बाकी की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में सुबह करीब 7 बजे लगी। जिस वार्ड में आग लगी, वहां उस समय कई नवजात बच्चे भर्ती थे। शुरुआती जानकारी में 16 नवजातों के वार्ड में मौजूद होने की बात सामने आई थी, जिनमें से एक को बचा लिया गया।
हालांकि, बाद में PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि वार्ड में 15 बच्चे मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों को रात के दौरान अस्पताल से छुट्टी भी दी गई हो सकती है। फिलहाल हताहतों की सही संख्या को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।











































