कोटा : राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। हादसा नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास रात करीब 1 बजे हुआ। तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। शुरुआती जांच में क्रूजर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, क्रूजर में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 16 लोग सवार थे। सभी खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूपुरा गांव के पास क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। हादसे में उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी की जान चली गई।
तीन गाड़ियों में सवार थे 36 रिश्तेदार
परिवार के सदस्य प्रदीप ने बताया कि सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं। कुल 36 लोग तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे। तीनों गाड़ियां एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रही थीं। इसी दौरान सबसे आगे चल रही क्रूजर हादसे का शिकार हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि गाड़ी में फंस गए शव और घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला। एसपी तेजस्वनी गौतम की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य किया गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक ड्राइवर भी घायल, 20 फीट दूर जाकर गिरा
हादसे में मध्यप्रदेश के खंडवा निवासी ट्रक चालक हारून भी घायल हुआ है। उसने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़े होकर वाहन की जांच कर रहा था। तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हारून करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा और बेहोश हो गया। उसके मुताबिक, करीब 10 मिनट बाद जब उसे होश आया तो उसने पुलिस और एंबुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी।
झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में क्रूजर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।



























