रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकारी राशन दुकानों के जरिए लोगों तक पहुंचने वाले चावल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से की गई जांच में प्रदेश के गोदामों से लिए गए 118 नमूनों में से 72 गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इनमें से करीब 61 प्रतिशत नमूने बीआरएल यानी अस्वीकृति सीमा से भी खराब पाए गए। जांच रिपोर्ट में चावल के भंडारण से लेकर गुणवत्ता परीक्षण और गोदामों की व्यवस्था तक कई खामियां सामने आई थीं। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के 18 गोदामों में चावल की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई थी। इस दौरान अलग-अलग मिलरों से प्राप्त चावल को एक ही स्टैक में मिलाकर रखने का मामला सामने आया।
इससे चावल की अलग-अलग खेप की पहचान और गुणवत्ता की निगरानी प्रभावित होने की आशंका जताई गई। मनेन्द्रगढ़ के गोदाम में फोर्टिफाइड और नॉन-फोर्टिफाइड चावल को भी एक साथ रखे जाने की बात जांच में सामने आई। जांच में गोदामों की निगरानी व्यवस्था में भी गंभीर लापरवाही उजागर हुई। कई जगह गुणवत्ता जांच और निरीक्षण से जुड़े रजिस्टर या तो उपलब्ध नहीं थे या फिर उन्हें नियमित रूप से अपडेट नहीं किया गया था।
चार गोदामों में नमी मापने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मीटर का कैलिब्रेशन नहीं कराया गया था। वहीं पांच गोदामों में कीटनाशक का स्टॉक शून्य पाया गया, जिससे भंडारित अनाज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था पर सवाल उठे। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि गुणवत्ता जांच में रिजेक्ट किए गए चावल के कुछ लॉट का उठाव भी लंबित था। यानी जिन खेपों को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें गोदामों से हटाने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी नहीं हुई।
बताया गया है कि केंद्र सरकार ने मई 2024 में ही जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज दी थी। लेकिन करीब ढाई साल बीतने के बाद भी कार्रवाई और जिम्मेदारी तय किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सरकारी राशन व्यवस्था सीधे आम लोगों की खाद्य सुरक्षा से जुड़ी है। ऐसे में जांच में सामने आई खामियों पर अब तक हुई कार्रवाई, दोषियों की जवाबदेही और खराब गुणवत्ता वाले चावल के वितरण को रोकने के लिए उठाए गए कदमों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आना जरूरी है।



























