भरूच : गुजरात के भरूच जिले में चुनावी राजनीति के बाद एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांबूसर तालुका की कवि-2 सीट पर चुनाव परिणाम आने के बाद हार से बौखलाए एक नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाथ में तलवार लिए और गांव की पानी की आपूर्ति बंद करने की धमकी देते इस वीडियो ने न केवल स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला गुजरात के भरूच जिले के जांबूसर तालुका की कवि-2 सीट की है। यहाँ आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सोहेल ने भाजपा के उम्मीदवार शकील अहमद मलिक को हराकर जीत दर्ज की। हार के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भाजपा के पराजित उम्मीदवार शकील अहमद मलिक हाथ में तलवार लिए हुए हैं और गांव में पानी की आपूर्ति बंद करने की धमकी दे रहे हैं।
भाजपा पर भय का माहौल बनाने का आरोप
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पीयूष पटेल ने भाजपा पर भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कवि पुलिस स्टेशन ने वायरल वीडियो और व्हाट्सएप पर फैल रहे भड़काऊ संदेशों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर अधिसूचना के उल्लंघन और शांति भंग करने के आरोप में केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कब का है और उसमें किए गए दावे कितने सत्य हैं।





















