मेरठ : यूपी के मेरठ में हिंदू संगठन के लोगों ने एक होटल में छापा मारा. अंदर कमरे से एक युवक और युवती मिले. युवती हिंदू थी जबकि युवक मुस्लिम. इसी के बाद मौके पर जमकर बवाल हुआ. संगठन के लोगों के मुताबिक, होटल में नाबालिग हिंदू युवती के साथ आरोपी युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया. फिलहाल, पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
पूरा मामला मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित होटल रंजीत का है, जहां सोमवार को नाबालिग युवती के साथ एक मुस्लिम युवक के आपत्तिजनक हालत में मिलने की घटना सामने आई. सूचना के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस होटल पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए युवक की पहचान फरदीन (23 ) के रूप में हुई है. आरोप है कि युवक ने नाबालिग युवती से नाम बदलकर दोस्ती की और उसका शोषण किया.
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर सदर बाजार थाने पहुंची. वहीं, नाबालिग युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. घटना को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. इस मामले में नाबालिग युवती के परिजनों की ओर से सदर थाने में नाबालिग के साथ दुष्कर्म एवं आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मुकदमा दर्ज कराया है. जिसके बाद पुलिस ने धारा 64(1)/75(2) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोपी फरदीन को गिरफ्तार कर लिया.
मामले में हिंदू संगठन से जुड़े सचिन सिरोही ने ‘संगीन आरोप लगाए हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. गौरतलब है कि मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी महिला ने सोमवार को सदर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. दोपहर को बेटी ने मां को फोन कर बताया कि आरोपी फरदीन उसे होटल में जबरन लेकर आ गया है. आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया.











































