पटना : बिहार के मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर आज किसी पहचान के मोहताज नहीं है। अपनी अनोखी और सरल शिक्षण शैली के दम पर उन्होंने देशभर में लाखों छात्रों के बीच खास पहचान बनाई है, लेकिन इन दिनों उनकी मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही है। गार्ड के गोली चलाने के मामले में पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आपको बता दें कि इससे पहले पुलिस ने खान सर के दो बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और शालेश्वर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला मंगलवार रात का है। मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और हंगामा करने की खबर सामने आई थी। इस दौरान पथराव और मारपीट भी हुई। घटना में कोचिंग संस्थान के एक स्टाफ और गार्ड चुनचुन कुमार घायल हो गए थे। उनके सिर में चोट लगने की भी सूचना मिली थी। घटना के बाद कदमकुआं थाना में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की दोबारा जांच कर रही है। खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दो गार्ड्स अरेस्ट
अब पुलिस ने इस मामले में खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को उठा कर ले गई। बताया जा रहा है कि रोशन आनंद की कोचिंग के लोगों और खान सर की कोचिंग के लोगों में जो मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के बाद खान सर के ही गार्ड्स ने फायरिंग की थी। इस दौरान घटना का वीडियो एक शख्स ने अपने मोबाइल पर कैद कर लिया था। जिसके बाद उस शख्स को पकड़कर लोगों ने मोबाइल से वीडियो डिलीट भी करवाया, लेकिन यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में खान सर की कोचिंग के ही गार्ड्स फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद एक्शन में आई पटना पुलिस ने खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को पकड़ लिया है।























