Mohala - Maanpur - Ambagarh - Chouki

CG : 12 साल की छात्रा को कुचलकर 55 किमी तक भागता रहा ट्रक, दो बैरिकेड्स तोड़े, जवानों को कुचलने का प्रयास, बच्ची की मौत पर सड़क पर उतरे ग्रामीण

मोहला-मानपुर : छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छठवीं कक्षा की छात्रा को कुचल दिया। हादसे में 12 वर्षीय पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा शुरू किया, तो आरोपी ने करीब 55 किलोमीटर तक ट्रक लेेकर भागता रहा। इस दौरान उसने दो जगह पुलिस की नाकाबंदी तोड़ दी और ड्यूटी पर तैनात जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया। आखिरकार कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह गुंडरदेही गांव की है। बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय छात्रा पूनम सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और घटना के समय कथित रूप से नशे में था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने ट्रक को तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने कई थानों को अलर्ट किया और नाकाबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की।

सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर ट्रक रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और सीधे बैरिकेड्स तोड़ते हुए निकल गया। इसके बाद मानपुर थाना के सामने भी पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन वहां भी उसने ट्रक नहीं रोका। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बच गए। करीब 55 किलोमीटर तक चली इस पीछा-पकड़ में हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई थानों की पुलिस लगातार ट्रक के पीछे लगी रही। मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने ट्रक को चारों ओर से घेर लिया।

खुद को घिरा देख चालक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हादसे में चालक को भी चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी चालक देवी सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, दुर्घटना के बाद फरार होने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

बच्ची की मौत पर सड़क पर उतरे ग्रामीण

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में छात्रा का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया।

What's your reaction?

Related Posts

CG Crime : पिता ने मां पुत्र को मारी गोली, बेटे की मौत, मां की हालत गंभीर, घटना के बाद आरोपी बाप हुआ फरार

मोहला - मानपुर - अंबागढ़ चौकी : अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवारदल्ली…