रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के क्रम में व्याख्याता पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार व्याख्याता के कुल 854 पदों पर भर्ती होगी। इनमें ई-संवर्ग की शालाओं के लिए 424 पद, जबकि टी-संवर्ग की शालाओं के लिए 430 पद शामिल हैं।
किस विषय में कितने पद?
व्याख्याता भर्ती में हिन्दी, अंग्रेजी और संस्कृत के साथ विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान से जुड़े विषयों के पद शामिल किए गए हैं। विषयवार रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है—
| विषय | पद |
|---|---|
| हिन्दी | 120 |
| अंग्रेजी | 120 |
| संस्कृत | 120 |
| भौतिकी | 94 |
| राजनीति शास्त्र | 100 |
| इतिहास | 100 |
| भूगोल | 100 |
| अर्थशास्त्र | 100 |
| कुल | 854 |
ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में भी पद निर्धारित
854 व्याख्याता पदों को स्कूलों के अलग-अलग संवर्ग के अनुसार भी बांटा गया है। इनमें 424 पद ई-संवर्ग की शालाओं के लिए और 430 पद टी-संवर्ग की शालाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों का चयन भर्ती परीक्षा के जरिए किया जाएगा।
29 नवंबर को हो सकती है भर्ती परीक्षा
व्याख्याता पदों के लिए लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 बताई गई है। परीक्षा की अंतिम तिथि और अन्य प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से स्पष्ट होगी।












































