बालोद : छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान सड़क हादसों ने 2 लोगों की जान ले ली. शनिवार को सुबह दल्लीराजहरा की ओर जा रहे बाइक सवारों की सड़क पर खड़े ट्रक से टक्कर हो गई, जबकि दो घायल हो गए. इसके अलावा अज्ञात वाहन ने अधेड़ को अपनी चपेट में ले लिया. यह हादसे कांकेर और बालोद जिले से सामने आए हैं. भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.
ग्राम किनारी से बाइक पर सवार होकर तीन लोग दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सीटी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे बाइक जा घुसी. हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तिलक कमेटी, रमिता कमेटी और जमुना मंडावी सवार थे. सीटी ढाबा के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलने के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. बालोद जिले में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा सोरर गांव के पास हुआ. मृतक करहीभदर से अपने गांव लिमोरा जा रहा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
मृतक की पहचान ननकी विश्वकर्मा, पिता बंसी विश्वकर्मा, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम लिमोरा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह करहीभदर से अपने गांव लिमोरा की ओर जा रहा था. इसी दौरान सोरर गांव के पास यह हादसा हो गया घटना की सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है.











































