Sarguja

CG News : शराब दुकान में शराबियों का हाई वोल्टेज ड्रामा, ओवररेटिंग को लेकर जमकर हंगामा

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शराब खरीदने पहुंचे कुछ युवकों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। शराबियों के हाई वोल्टेज ड्रामे से दुकान परिसर में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक दहशत में आ गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,

जिसमें युवक शराब दुकान के अंदर जोर-जोर से चिल्लाते और कर्मचारियों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला मैनपाट के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक कार से शराब खरीदने के लिए अंग्रेजी शराब दुकान पहुंचे थे। इसी दौरान शराब की कीमत को लेकर उनका विवाद दुकान कर्मचारियों से हो गया। युवकों ने आरोप लगाया कि दुकान में निर्धारित कीमत से ज्यादा रकम वसूली जा रही है।

इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने दुकान के भीतर ही जमकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक न केवल गाली-गलौज कर रहे थे, बल्कि दुकान कर्मचारियों को मारपीट की धमकी भी दे रहे थे। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए दुकान का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। वहां मौजूद अन्य ग्राहक भी डर के कारण दुकान से बाहर निकलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।

हालांकि पुलिस के सामने भी युवक काफी देर तक हंगामा करते रहे। पुलिस जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और युवकों को शांत कराया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान शराब दुकान में मौजूद कर्मचारियों और युवकों के बीच तीखी बहस भी हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक शराब दुकान के अंदर जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं और कर्मचारियों पर मनमानी कीमत वसूलने का आरोप लगा रहे हैं।

वहीं कुछ लोग बीच-बचाव करते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इस घटना की काफी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह खुलेआम हंगामा और विवाद की घटनाएं माहौल खराब कर रही हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : करंट से विवाहिता की मौत मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लैंगा…

1 of 14