जांजगीर : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां 11वीं कक्षा के छात्र शिवम साहू के कुदरी बैराज में कूदने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिवार सहित स्थानीय लोग गहरे तनाव में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्र शिवम साहू हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणाम से काफी निराश था। बताया जा रहा है कि उसका रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आया, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना से पहले उसने अपने एक दोस्त को फोन कर कुदरी बैराज में कूदने की बात कही थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे एक ऑटो चालक ने एक युवक को बैराज के गहरे पानी में कूदते हुए देखा।
उसने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घटनास्थल पर तहसीलदार प्रशांत पटेल और कुदरी के सरपंच भी मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है और बैराज के पानी में छात्र की तलाश तेजी से की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
छात्र के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं और लगातार छात्र की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द छात्र का पता लगाया जा सके। यह घटना एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और परीक्षा परिणाम को लेकर बनने वाले तनाव को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे समय में परिवार और समाज को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और उन्हें भावनात्मक सहयोग देना बेहद जरूरी है।





















