Mahasamund

CG News : सोने-चांदी से भरी कार बरामद, तीन बैग में छुपाकर रखे गये थे जेवहरात, पुलिस ने जांच की शुरू…

महासमुंद : महासमुंद जिले के कोमाखान थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। पुलिस ने करीब 21.089 किलोग्राम चांदी के फैंसी आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किए हैं। साथ ही कार सहित कुल 59 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

टेमरी नाका में चल रही थी सघन जांच

यह कार्रवाई 17 मार्च 2026 को टेमरी नाका में की गई, जहां पुलिस द्वारा स्थायी और मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही एक सफेद रंग की कार को रोककर जांच की गई।जांच के दौरान कार (मारुति सेलेरियो, क्रमांक CG 04 PY 7882) में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपनी पहचान टिकेश कुमार साहू (उम्र 38 वर्ष, निवासी उरला, रायपुर) और वीरेंद्र प्रधान (उम्र 50 वर्ष, निवासी टिकरापारा, रायपुर) के रूप में बताई।

तीन बैगों में छिपाकर रखे थे आभूषण

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो बीच की सीट पर रखे तीन बैगों में संदिग्ध सामग्री मिली। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने बताया कि बैग में चांदी के फैंसी आभूषण हैं, जिन्हें ओडिशा से रायपुर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान बैगों से कुल 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक 41 पैकेट चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनका कुल वजन 21.089 किलोग्राम पाया गया।

वैध दस्तावेज नहीं होने पर कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों को आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया। हालांकि, दोनों व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती की कार्रवाई की।

क्या-क्या हुआ जप्त

पुलिस द्वारा जप्त की गई संपत्ति में शामिल हैं—

  • एक सफेद रंग की मारुति सेलेरियो कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
  • वाहन का आरसी बुक
  • 21.089 किलोग्राम चांदी के फैंसी आभूषण (कीमत लगभग 54.60 लाख रुपये)

इस तरह कुल जप्त संपत्ति की कीमत 59 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

अवैध परिवहन पर सख्ती

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्रियों के परिवहन को रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। स्थायी और मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से छोटे-बड़े सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आभूषणों का वास्तविक स्रोत क्या है और इन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : गांव का सरपंच रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की टीम ने ऐसे दबोचा, निर्माण कार्य की एनओसी के लिए ले रहा था घूस

महासमुंद : जिले से इस वक्त की बड़ी खबर… एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते हुए एक सरपंच…

1 of 6