बिलासपुर : वन विभाग के सरकारी कार्यालय में शराब और मटन पार्टी का मामला सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है। सीपत वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय में कथित तौर पर शराब और चखने के साथ महफिल सजाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सरकारी कार्यालय के भीतर शराब की बोतलें, चखना और मटन पार्टी की व्यवस्था दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल कुछ बाहरी युवकों के साथ पार्टी करते नजर आने की बात सामने आई है।
सरकारी दफ्तर में पार्टी, उठ रहे सवाल
जिस कार्यालय में वन संरक्षण और सरकारी कार्यों का संचालन होना चाहिए, वहां इस तरह की कथित गतिविधि सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर सरकारी कार्यालय परिसर में शराब पार्टी कैसे हुई? क्या इसकी जानकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को थी? और यदि वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही हैं, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी?
जांच और कार्रवाई की मांग
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस मामले में विभागीय अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष और जांच की स्थिति सामने आना बाकी है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।



























