मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : जिले के जनकपुर में एक 11 वर्षीय छात्र का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला छात्र दो दिनों से लापता था। उसका शव जनकपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पीछे मिला।
मृत छात्र की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है। वह पौड़ी गदौरा का निवासी था और अपने दादा के साथ जनकपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। अनीश जनकपुर के बियानी स्कूल में अध्ययनरत था। जानकारी के अनुसार, अनीश ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच दो दिन बाद उसका शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मासूम छात्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


























