बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उस पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, जबकि आरोपी पति घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने इस घटना पर पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा का है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। रात करीब 2:30 बजे आरोपी पति की हैवानियत जाग उठी। उसने पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद परछी में सो रही पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरी महिला की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि उसकी शादी को करीब 30 साल हो चुके हैं। तीन बेटियों और एक बेटे की मां महिला का आरोप है कि उसका पति वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था।
इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। लेकिन इस बार शक ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि पति ने पत्नी को ही मौत के हवाले करने की कोशिश कर डाली। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वह अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि जब रिश्तों में भरोसा खत्म हो जाता है, तो प्यार और साथ निभाने के वादे भी नफरत और हिंसा में बदल जाते हैं।























