पेंड्रा : छत्तीसगढ़ के पेंड्रा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा ग्राम पंचायत के धनुहार टोला में एक युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 60 वर्षीय फुलमतिया बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनके खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि आई थी।
इसी पैसे को लेकर उनका बेटा दलवीर अक्सर उनसे पैसे मांगता रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक दलवीर शराब का आदी है और आए दिन अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगता था। घटना वाले दिन भी आरोपी बेटे ने मां से पैसे की मांग की थी। जब फुलमतिया बाई ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय दलवीर नशे में धुत था। गुस्से में आकर उसने अपनी ही मां का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे दलवीर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पैसों के विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की लत ने एक बेटे को इतना निर्दयी बना दिया कि उसने अपनी ही मां की जान ले ली।






















