बलौदा बाजार/जांजगीर-चांपा : नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी व्यवसायी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम बरामद कर ली है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बलेनो कार भी जब्त कर ली गई है।
फर्जी बिल दिखाकर गिरवी रखा नकली मंगलसूत्र
पुलिस के अनुसार, नगर पंचायत पामगढ़ स्थित केसर लाल एंड संस ज्वेलरी के संचालक के पास शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार से दो युवक पहुंचे। दोनों ने खुद को पैसों की जरूरत बताते हुए 50 हजार रुपये के बदले सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही।दुकान संचालक ने जब मंगलसूत्र की खरीद संबंधी रसीद मांगी तो एक युवक ने अपना नाम अमित तिवारी बताते हुए कथित खरीद बिल प्रस्तुत किया। दस्तावेजों पर भरोसा करते हुए व्यवसायी ने मंगलसूत्र को असली सोना समझकर 40 हजार रुपये दे दिए।
जांच में खुली ठगी की पोल
रुपये लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद व्यवसायी को संदेह हुआ तो उसने मंगलसूत्र की जांच कराई। जांच में सामने आया कि वह सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स (नकली) आभूषण था।इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पामगढ़ थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
घंटों में पुलिस ने दबोचे आरोपी
शिकायत मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की 40 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी जब्त कर ली गई है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इस तरह की वारदात अन्य स्थानों पर भी की है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।











































