Raipur

CG News : 10 से ज्यादा राज्य 300 से ज्यादा फाइव स्टार होटलों में ठगी जानें कैसे पहुंची पुलिस इस ‘चार्ल्स शोभराज’ के चेले तक

रायपुर : देशभर के 300 से अधिक महंगे होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर ठग को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल हयात में भी लाखों रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने घटना के महज 72 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया। प्रेसवार्ता में बताया गया कि, यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस ने की।

होटल हयात में दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जून 2026 को बिंगसन जॉन नामक व्यक्ति होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया। आरोपी ने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। होटल मैनेजमेंट द्वारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से भुवनेश्वर पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा होटल में जमा कराए गए दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान उसकी लोकेशन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी बिंगसन जॉन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक महंगे होटलों को निशाना बना चुका है। वह केवल फाइव स्टार और लग्जरी होटलों में ठहरता था, होटल की सुविधाओं का भरपूर इस्तेमाल करता था, कीमती सामान लेकर बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था।

बताया ‘चार्ल्स शोभराज’ से था प्रभावित

पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले का रहने वाला है। उसने स्वीकार किया कि वह वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था। इसके बाद देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 वर्ष तक बंद रहा। तिहाड़ जेल में रहने के दौरान वह कई बड़े अपराधियों के संपर्क में आया और कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर उसी की शैली में अपराध करने लगा। आरोपी खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी अंग्रेजी शिक्षक तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता और योजनाबद्ध तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।

10 से अधिक राज्यों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देश के 10 से अधिक राज्यों और कई महानगरों में धोखाधड़ी, चोरी और ठगी के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69 वर्ष) के तौर पर हुई है। वह तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के नटराजपुरम स्ट्रीट वाला है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर देशभर में उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : प्री वेडिंग शूट पर लगा प्रतिबंध, महिला आयोग ने भी किया स्वागत, जानिये समाज ने क्या-क्या लिये हैं फैसले

रायपुर : छत्तीसगढ़ में विवाह से पहले होने वाले प्री-वेडिंग शूट और उससे जुड़ी…

CG News : फिल्मी स्टाइल में लूट बदमाशों ने चॉइस सेंटर संचालक से छीने 1.50 लाख, लेकिन भागते समय जो हुआ… उड़ गए सबके होश

रायपुर : राजधानी रायपुर के अभनपुर-राजिम मार्ग पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो…

CG : “ड्रीम गर्ल” स्टाइल ठगी : लड़की की दिलकश आवाज, जाल में फंसे लोग, पढ़िये आप भी ये खबर, कहीं फंस ना जायें…

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया…

1 of 83