मुंगेली : छत्तीसगढ़ में अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे राजस्व पटवारी संघ को लेकर बड़ी ख़बर निकलकर सामने आ रही है। जी हाँ इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने संकेत दिये हैं कि बहुत जल्द पटवारियों की हड़ताल खत्म होगी। एकदिवसीय दौरे पर मुंगेली पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की पटवारियों से बातचीत चल रही है और बहुत जल्द ही पटवारियों की हड़ताल खत्म होगी।
13 अक्टूबर से हड़ताल पर है पटवारी
गौरतलब है कि वेतन विसंगति दूर करना,पदोन्नति और डिजिटल फसल सर्वे एप की त्रुटियों को दूर करने जैसी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ में प्रदेश भर के पटवारी बीते 13 अक्तूबर से हड़ताल पर हैं। जिससे राजस्व प्रकरणों के निराकरण समेत धान खरीदी के काम बुरी तरह प्रभावित है। जिसके चलते प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगभग 141 पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं कई जिलों में पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है और उन्हें बार-बार अल्टीमेटम व नोटिस भी दिए जा रहे हैं।
बिलासपुर में भी हुई कार्रवाई
बिलासपुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए 229 पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने सभी 229 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, 8 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक पटवारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। इसके अलावा, ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत 102 पटवारियों का वेतन रोक दिया गया है। बता दें कि जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने यह कार्रवाई की है।
बस्तर में 100 से अधिक पटवारियों पर कार्रवाई
राज्य शासन के निर्देशानुसार बस्तर जिला प्रशासन द्वारा प्रान्तीय आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए जिले के 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित कर दिया गया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है।
बात करें बस्तर की तो, जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें 30 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जबकि 44 पटवारी वर्तमान में अपने कर्तव्यों पर कार्यरत हैं। हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को प्रशासन द्वारा पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन काम पर वापस न लौटने पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
सबसे अधिक जदगलपुर में कार्रवाई
तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो इस कार्रवाई का सबसे अधिक असर जगदलपुर और बस्तर तहसील में देखने को मिला है। जगदलपुर तहसील में पदस्थ 26 में से 25 पटवारी हड़ताल पर हैं, जिनमें से 23 पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की गाज गिरी है, जबकि यहाँ केवल एक पटवारी कार्यरत है। इसी तरह बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं और प्रशासन ने सभी 16 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस करते हुए 2 को निलंबित कर दिया है।
भानपुरी में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस तथा 2 पर निलंबन की कार्रवाई हुई है, जबकि 7 कार्यरत हैं। बकावण्ड में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताल पर हैं, जिनमें से 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।
अन्य तहसीलों में भी प्रशासन सख्त
अन्य तहसीलों में भी प्रशासन का रुख सख्त रहा है। लोहण्डीगुड़ा में पदस्थ 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं और सभी 11 पर ब्रेक इन सर्विस के साथ 2 को निलंबित किया गया है। करपावण्ड में पदस्थ 12 में से हड़ताल पर गए सभी 10 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और एक को निलंबित किया गया है।
नानगुर के 10 में से 8 हड़ताली पटवारियों में से 7 पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन, बास्तानार में 16 में से 9 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन तथा दरभा तहसील में पदस्थ 18 में से 13 हड़ताली पटवारियों में से एक पर ब्रेक इन सर्विस व एक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।


























