जबलपुर : रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर इलाके से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 38 वर्षीय महिला भाजपा नेत्री की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने के कारण मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब घर के बाहर कुछ लोगों द्वारा विवाद और हंगामा किए जाने के बाद महिला अपने पति को बंदूक देने जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
गोली लगने से भाजपा नेत्री की मौत
जानकारी के अनुसार घटना के समय शनिवार की देर रात घर के बाहर कुछ बदमाश विवाद और हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान संगीता रजक अपने पति को सुरक्षा के उद्देश्य से लाइसेंसी बंदूक देने जा रही थीं। तभी अचानक बंदूक से गोली चल गई और गोली सीधे उनके पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद परिजनों ने तत्काल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन गंभीर चोट के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिस बंदूक से गोली चली, वह संगीता रजक के देवर पुष्पेंद्र रजक के नाम पर लाइसेंसी बताई जा रही है।
हंगामा करने वालों की तलाश में पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस हंगामा और विवाद करने वाले संदिग्ध लोगों की भी तलाश की जा रही है।



























