कोलकाता : कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। यहां सप्तमी की शाम को भीड़ के चलते चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल का हिस्सा ढह गया। पंडाल का हिस्सा ढहने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 17 लोगों के मौत की खबर निकलकर सामने आई है। यह भगदड़ तब मची, जब श्रद्धालु दुर्गा पूजा मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे। इस हादसे में 35 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि पूजा आयोजकों ने स्थिति को संभालने और प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए तुरंत एक्शन लिया और जरूरी कदम उठाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और आपदा प्रबंधन अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों की संख्या और इमारत गिरने की वजह का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने जताया शोक
वहीं दूसरी तरफ इस हादसे पर पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने दुख जताया है। ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि चोरबागान पूजा पंडा में हुई भगदड़ के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा है और बहुत दुख हुआ है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि, सभी घायल लोग जल्द स्वस्त हो जाएं। उनके परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और साहस मिले।


























