रायपुर : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को जारी व्यापक पुलिस अधिकारियों के तबादले की सूची में कई जिलों के एसपी बदले गए हैं। इनमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के एसपी चंद्रमोहन सिंह को हटाया जाना सबसे चर्चित फैसला माना जा रहा है। ब्यूरोक्रेसी में ये चर्चा यह कदम स्वास्थ्य मंत्री के करीबी पीए के ‘केक विवाद’ से जुड़े प्रकरण में FIR दर्ज करने में बरती गई लापरवाही के चलते उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले स्वास्थ्य मंत्री के पीए की पत्नी का जन्मदिन सड़क पर सेलिब्रेट और केक काटने को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इस मामले में स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोप है कि एमसीबी पुलिस ने इस शिकायत पर तत्परता नहीं दिखाई। न केवल एफआईआर दर्ज करने में देरी की गई, बल्कि शिकायत में राजेंद्र दास का नाम जानबूझकर शामिल नहीं किया गया। मामला बढ़ने पर हाई कोर्ट ने इस लापरवाही पर स्वतः संज्ञान लिया और मुख्य सचिव से इस पूरे प्रकरण पर शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चर्चा है कि इसके बाद सरकार ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक मानते हुए सख्त रुख अपनाया और गृह विभाग ने एसपी चंद्रमोहन सिंह को उनके पद से हटाने का आदेश जारी किया। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान यह पाया गया कि एसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को बचाने का प्रयास किया था और पूरे मामले में प्रभाव डालने की कोशिश की थी। प्रशासनिक स्तर पर इसे अनुशासनहीनता और सरकारी कर्तव्यों में लापरवाही के रूप में देखा गया।






















