कोरबा : बालको थाना क्षेत्र के भद्रापारा में गुरुवार को एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के पास बच्ची के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे देखा। जन्म के तुरंत बाद बच्ची को वहां छोड़ दिया गया था।लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और बच्ची को बालको अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
घटना बालको थाना क्षेत्र के भद्रापारा मुख्य मार्ग की है। अपार्टमेंट के पास नवजात बच्ची को अकेले पड़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिना देर किए बच्ची को सुरक्षित उठाया और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची। TI युवराज तिवारी के मुताबिक, मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची को वहां कौन छोड़कर गया। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर बच्ची को छोड़ने वाली महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल नवजात अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है।











































