गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : अगर आप छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रहते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। दरअसल, जिले के कलेक्टर ने वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। उन्होंने 2 सितंबर को घोषित हरछठ के स्थानीय अवकाश को संशोधित करते हुए अब 19 अक्टूबर कर दिया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विजय दयाराम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पूर्व में 2 सितंबर को घोषित हरछठ के स्थानीय अवकाश को संशोधित करते हुए अब 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को दुर्गा महाअष्टमी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार अब 2 सितंबर को स्थानीय अवकाश नहीं रहेगा।
इसके स्थान पर 19 अक्टूबर को जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा। यानी छुट्टी की तारीख में बदलाव करते हुए हरछठ के लिए घोषित अवकाश को हटाकर दुर्गा महाअष्टमी के दिन छुट्टी घोषित की गई है।
जानिए कब-कब रहेगी छुट्टी
वर्ष 2026 के लिए संशोधित स्थानीय अवकाश सूची में अब 10 फरवरी को जिला स्थापना दिवस, 19 अक्टूबर को दुर्गा महाअष्टमी और 11 नवंबर को भाई दूज शामिल हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानीय अवकाश बैंक एवं कोषालयों में लागू नहीं होगा।











































