Korba

Korba : ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान

कोरबा : जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव उरगा-भौंसमा ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रेन से गिरने या ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आसपास के ग्रामीण खेतों में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी।

उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया ट्रेन हादसे की आशंका जताई जा रही है। संभावना है कि रात के समय ट्रेन में सफर करने के दौरान व्यक्ति गिर गया हो अथवा रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया हो। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए उरगा थाना पुलिस ने मृतक का फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किया है।

आसपास के गांवों में मुनादी कराकर भी लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा आसपास के रेलवे स्टेशनों और संबंधित थानों को भी मृतक के हुलिए की जानकारी भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान जल्द हो सके और परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

उरगा थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को करीब 45 वर्षीय ऐसे व्यक्ति के लापता होने की जानकारी है, जिसने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी, या वे मृतक को पहचानते हैं, तो तत्काल उरगा थाना पुलिस को सूचना दें। पहचान होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर मृतक के परिजनों को सूचित करेगी।

What's your reaction?

Related Posts

Korba : घर में फंदे पर लटका मिला व्यापारी का शव भजिया – बड़ा बेचकर चलाता था परिवार, आत्महत्या की वजह साफ नहीं

कोरबा : कोरबा जिले के मोतीसागर पारा क्षेत्र में शनिवार सुबह व्यापारी की घर में…

1 of 31