कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों का धरना प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गृहमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हुए हैं। अभ्यर्थियों ने नगाड़ा बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांग जल्द पूरी करने की मांग उठाई।
1600 रिक्त पदों पर वेटिंग लिस्ट से भर्ती की मांग
धरना दे रहे पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 1600 रिक्त पुलिस पदों पर वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों से भर्ती की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि बड़ी संख्या में उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में चयन की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ऐसे में रिक्त पदों को वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों से भरा जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए और रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर स्पष्ट निर्णय लिया जाए।
नगाड़ा बजाकर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने नगाड़ा बजाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर लगातार सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं हुआ है। तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना स्थल पर मौजूद रहे।
मौके पर ही बना रहे खाना
धरना प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी आंदोलन को लंबा चलाने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। अभ्यर्थी मौके पर ही खाना बनाकर खा रहे हैं और धरना स्थल पर रहकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं।अभ्यर्थियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
सरकार के फैसले पर टिकी नजर
पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के लगातार प्रदर्शन के बीच अब सरकार की ओर से होने वाली कार्रवाई और निर्णय पर सभी की नजर है। अभ्यर्थी 1600 रिक्त पदों पर वेटिंग लिस्ट से भर्ती की मांग पर अड़े हुए हैं।











































