दुर्ग : भिलाई के नंदिनी टाउनशिप में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब 45 वर्षीय कुंवरिन बाई यादव का शव उनकी झोपड़ी में संदिग्ध अवस्था में मिला। भारतीय स्टेट बैंक के पीछे बनी इस झोपड़ी में अकेले रहने वाली कुंवरिन के सिर पर गहरी चोट के निशान और कान से खून बहने की स्थिति ने हत्या की आशंका को जन्म दिया है।
नंदिनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर शव को शॉर्ट पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि कुंवरिन बाई यादव मूल रूप से ग्राम हरदी की निवासी थीं और पिछले एक दशक से नंदिनी टाउनशिप में अकेले रह रही थीं। वह घरों में साफ-सफाई का काम करती थीं। रविवार को पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की।
महिला के सिर पर चोट के निशान और कान से खून बहने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी ने बताया कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छानबीन तेज कर दी है।






















