जगदलपुर : सुकमा जिले के भीमापुरम गांव से जवानों की मानवता की मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई। ड्यूटी निभाकर लौट रहे डीआरजी गोल्फ टीम के जवानों ने बारिश के बीच एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर अस्पताल ले जाते ग्रामीणों को देखा। इसके बाद जवानों ने बिना देर किए बुजुर्ग को अपनी कंधों पर उठाया और अस्पताल तक पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर ड्यूटी पूरी करने के बाद डीआरजी के जवान अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ ग्रामीण बारिश के बीच एक बुजुर्ग को चारपाई पर लेकर पैदल जा रहे हैं। जवानों ने ग्रामीणों को रोककर मरीज की स्थिति और एंबुलेंस की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत खराब थी और एंबुलेंस नहीं मिल सकी। ऐसे में उन्होंने चारपाई पर मरीज को अस्पताल ले जाने का फैसला किया था। ग्रामीणों ने बताया कि साथ चल रहे लोग रास्ते में थकने पर एक-दूसरे की जगह कंधा बदलकर मरीज को आगे ले जाने वाले थे।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद डीआरजी जवानों ने उन्हें पीछे किया और खुद चारपाई उठाने की जिम्मेदारी संभाल ली। जवानों ने बारिश के बीच मरीज को कंधे पर उठाकर पैदल सीआरपीएफ हॉस्पिटल, रायगुड़ा कैंप तक पहुंचाया। देश की सुरक्षा के लिए कंधे पर बंदूक उठाने वाले जवानों ने इस बार उसी कंधे पर एक जिंदगी की जिम्मेदारी उठाई। जवानों की इस पहल ने न सिर्फ ग्रामीणों का दिल जीत लिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इंसानियत और सेवा की पहचान भी है।











































