बलरामपुर : छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री रामविचार नेताम को सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंत्री समर्थकों में नाराजगी है और मामले की शिकायत रामानुजगंज थाने में की गई है।जानकारी के अनुसार शमशेर नामक एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो (रील) बनाकर मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। वीडियो में युवक ने कथित तौर पर अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए मंत्री को धमकी दी और अभद्र टिप्पणियां भी कीं।
इंस्टाग्राम रील बनाकर दी धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक कथित रूप से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि वह मंत्री को नहीं छोड़ेगा और जहां भी मुलाकात होगी, जवाब देने के लिए तैयार रहेगा। वीडियो में उसने मंत्री को चैन की नींद नहीं सोने देने जैसी बातें भी कही हैं और अपना नाम शमशेर बताया है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई से नाराज बताया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी।
समर्थकों में आक्रोश
मंत्री रामविचार नेताम के समर्थकों ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए रामानुजगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस प्रकार की धमकी और अभद्र भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और संबंधित युवक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।











































