रायपुर : छत्तीसगढ़ में हुक्का पर लगे सरकारी प्रतिबंध के बावजूद राजधानी के एक फार्महाउस में हुक्का पार्टी आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, यह मामला VIP रोड स्थित एक निजी फार्महाउस का है, जहां 8 अप्रैल को एक प्राइवेट इवेंट के नाम पर पार्टी आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए थे।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पार्टी के दौरान लोग खुलेआम हुक्का पीते नजर आ रहे हैं, जबकि राज्य सरकार द्वारा पहले ही हुक्का पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक, इस आयोजन को एक निजी कार्यक्रम के रूप में प्रस्तुत किया गया था, ताकि प्रशासन की नजर से बचा जा सके। हालांकि, पार्टी के दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला उजागर हो गया। वीडियो में मौजूद दृश्य यह संकेत देते हैं कि आयोजन काफी बड़े स्तर पर किया गया था, जिसमें नियमों की अनदेखी करते हुए हुक्का परोसा गया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने सार्वजनिक स्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हुक्का के उपयोग और परोसने पर सख्त प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद इस तरह के आयोजन होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आयोजन के पीछे कौन लोग शामिल थे। साथ ही फार्महाउस के मालिक और आयोजकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि क्या इस आयोजन के लिए किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया गया है, तो आयोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा, हुक्का परोसने और प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर भी जुर्माना और अन्य कार्रवाई संभव है। स्थानीय लोगों का कहना है कि VIP रोड और उसके आसपास के इलाकों में इस तरह के प्राइवेट पार्टियों का चलन बढ़ता जा रहा है, जहां नियमों की अनदेखी की जाती है। ऐसे मामलों में प्रशासन को और सख्ती बरतने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





















